यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान: 20 वाहन चालकों पर हुई कार्यवाही

मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा 

UP Samachar Plus

महराजगंज, 10 जनवरी। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने मंगलवार को विशेष अभियान चलाया। गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देश पर राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर यातायात पुलिस द्वारा स्पीड राडार गन का उपयोग करते हुए ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों को रोका गया।

इस दौरान वाहन चालकों को तेज गति से वाहन चलाने के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया और शीत ऋतु व कोहरे को ध्यान में रखते हुए वाहनों पर रिफ्लेक्टर भी लगवाए गए। जो वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की गई।

इसी क्रम में 'ऑपरेशन कार-ओ-बार' के तहत नगर क्षेत्र के विभिन्न चौराहों और तिराहों पर यातायात पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की जांच की। दोषी पाए गए चालकों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया।

अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 20 वाहन चालकों का चालान किया गया और उनसे ₹56,000 का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com